crime
युवक को अर्द्धनग्न घुमाने के मामले में दरोगा, सिपाही निलंबित:सोनभद्र एसपी ने लापरवाही पर की कार्रवाई, जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया था
सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में एक युवक को बांधकर अर्द्धनग्न घुमाने के मामले में एसपी ने कार्रवाई की है। इस घटना में लापरवाही बरतने पर क्षेत्रीय दरोगा अखिलेश पाठक और हेड कांस्टेबल मो. सलीम को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की यह कार्रवाई मंगलवार को की गई। यह घटना गुरुवार दोपहर करकच्छी गांव में हुई थी। युवक पर गाली-गलौज का आरोप लगाकर उसे रस्सी से बांधा गया और जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। इस अमानवीय व्यवहार की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बभनी पुलिस ने इस प्रकरण में अब तक दस लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। घटना में मारपीट के बाद युवक भोला प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। भोला के साथ सरजू और कौशल्या को भी चोटें आई थीं।
Read full article on Bhaskar