business
विद्युत सामग्री पर 5 प्रतिशत जीएसटी की मांग:व्यापारियों ने उठाई आवाज, आगरा एक्सपो में जुटे प्रदेशभर के कारोबारी
आगरा में विद्युत सामग्री पर जीएसटी की दर घटाकर 5 फीसदी करने की मांग उठी है। रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित हैवंस गार्डन में आगरा इलेक्ट्रिकल कांट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से प्रदेश कार्यकारिणी सभा और विद्युत व्यापार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से सैकड़ों विद्युत व्यापारी शामिल हुए। मेले में 60 स्टॉल लगाए गए, जहां अलग-अलग तरह के विद्युत उत्पाद प्रदर्शित किए गए। सुबह से देर रात तक चले एक्सपो में व्यापारियों और शहरवासियों ने विद्युत उत्पादों की जानकारी ली। सरकार की नीतियों से उद्योगों को बढ़ावा: राकेश गर्ग कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उत्पादन बढ़ रहा है। प्रदेश तेजी से एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था और उद्योगों को बढ़ावा देने वाली सरकारी नीतियों से उत्तर प्रदेश देशभर में उद्योगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना है। आईएसआई मार्क वाले विद्युत उत्पाद इस्तेमाल करने की अपील प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना ने कहा कि आम उपभोक्ताओं के रोजमर्रा के काम आने वाली विद्युत सामग्री पर जीएसटी 5 फीसदी किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से आईएसआई मार्क वाले गुणवत्तापूर्ण विद्युत उत्पाद इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में अस्थायी विद्युत वायरिंग का काम लाइसेंस प्राप्त विद्युत ठेकेदार से ही कराया जाए। इससे शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से होने वाली जन-धन की हानि को रोका जा सकेगा। ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक लगाने की मांग प्रदेश महामंत्री संजीव चांदना ने कहा कि प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की स्थिति में सुधार हुआ है और व्यापार के लिए भयमुक्त माहौल बना है। उनके मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में विद्युत उत्पादों की बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की हर परिवार को आवास उपलब्ध कराने की योजना के तहत गरीबों के मकानों में इस्तेमाल होने वाली विद्युत सामग्री पर भी 5 फीसदी जीएसटी लगाने की मांग की। आगरा संगठन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने भी विद्युत उत्पादों पर जीएसटी 5 फीसदी करने की मांग रखी। उन्होंने विद्युत व्यापारियों से एकजुट होने की अपील की और ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक लगाने की बात कही। कार्यक्रम में संगठन के इतिहास, मेमोरेंडम और नियमावली से जुड़ी सामग्री का विमोचन किया गया। वरिष्ठ विद्युत व्यापारियों को सम्मानित किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और दाल-बाटी का आयोजन हुआ।
Read full article on Bhaskar