crime
देर रात दुकान खोलने पर पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप:दुकानदार बोला- एफआरवी में बैठाकर ब्रिज के आगे ले गए, वहां भी पीटा; सीसीटीवी आया सामने
इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में देर रात दुकान खोलने को लेकर पुलिसकर्मियों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगे हैं। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। दुकानदार हर्षित जैन ने 16 अगस्त की शाम भंवरकुआं थाना प्रभारी संतोष दूधी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और सहायता की मांग की है। हर्षित का आरोप है कि मारपीट में उसके चेहरे और कान पर चोट आई है। जानकारी के मुताबिक, हर्षित यात्रियों की सुविधा और चाय-नाश्ते की जरूरत को देखते हुए अपनी दुकान रात 2:30 से 3 बजे तक खुली रखते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस पहले भी उन्हें रात 11 बजे तक दुकान बंद करने की हिदायत दे चुकी थी, लेकिन जरूरत के चलते कभी-कभी दुकान देर रात तक खुली रहती थी। हर्षित का आरोप है कि घटना वाली रात एक वाहन से कुछ पुलिसकर्मी दुकान के पास पहुंचे। एफआरवी वैन से उतरते ही उन्होंने अपशब्द कहना शुरू कर दिया और हर्षित को बाहर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। पुलिसकर्मी उसे जबरदस्ती एफआरवी में बैठाकर ब्रिज के आगे ले गए, जहां भी उसके साथ मारपीट की गई। हर्षित ने यह भी आरोप लगाया कि एफआरवी में आए पुलिसकर्मी वर्दी में नहीं थे। घटना के बाद परिवार ने दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए और लिखित शिकायत के साथ थाना प्रभारी को सौंपे। मामले में जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar