crime
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट:कानपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में 12 से 15 अगस्त तक पार्सल बुकिंग बंद
स्वतंत्रता दिवस समारोह पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने प्रयागराज मंडल के स्टेशनों से दिल्ली और उसके आसपास के स्टेशनों पर बुक होकर जाने वाले पार्सल की बुकिंग पर रोक लगा दी है। यह रोक 12 से 15 अगस्त तक लगाई गई है। लालकिला में झंडारोहण के मद्देनजर किए गए हाईअलर्ट के तहत रेलवे ने यह पाबंदी लगाई है। एनसीआर पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि इसका सीधा असर कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला के आने-जाने वाले पार्सल यातायात पर प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में इन स्टेशनों के लिए किसी भी प्रकार के पार्सल की बुकिंग, हैंडलिंग, लोडिंग और अनलोडिंग नहीं की जाएगी। पार्सल नहीं, इस पर भी लगाई है रोक उन्होंने कहा कि केवल सामान्य पार्सल पर ही रोक नहीं लगाई गई है। बल्कि लीज्ड एसएलआर, वीपी (वैल्यू पेएबल) और डिमांड वीपी की हैंडलिंग को भी इस अवधि के बीच बंद किया गया है। ऐसे में कानपुर सेंट्रल से दिल्ली जाने वाले पार्सल और दिल्ली से कानपुर आने वाले पार्सल पर पूरी तरह प्रभावित रहेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली क्षेत्र से प्रारंभ होने वाली ट्रेनों और अन्य मंडलों से चलकर दिल्ली में ठहरने वाली ट्रेनों में भी पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग नहीं होगी। इसके चलते व्यापारियों, ई-कॉमर्स कंपनियों, दवा, कपड़ों और अन्य व्यावसायिक पार्सल भेजने वाले ग्राहकों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। 12 से 15 अगस्त के बीच लगाई रोक हालांकि यात्रियों के व्यक्तिगत सामान पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। यात्री अपने सामान को निर्धारित रेलवे नियमों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार यात्री कोच में ले जा सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने कानपुर के पार्सल ग्राहकों से अपील की है कि 12 से 15 अगस्त के बीच दिल्ली क्षेत्र के इन स्टेशनों के लिए पार्सल भेजने या वहां से पार्सल मंगाने की योजना न बनाएं। सुरक्षा कारणों से लागू यह व्यवस्था चार दिनों तक प्रभावी रहेगी और 16 अगस्त से पार्सल सेवाएं सामान्य होने की संभावना है।
Read full article on Bhaskar