crime
सचेंडी के छत्तापुरवा में मामूली विवाद हिंसक हुआ:बकरी हटाने पर खूनी संघर्ष, चिमटा-सरिया से हमला; 3 पर FIR
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के छत्तापुरवा गांव में बकरी हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान एक पक्ष के लोगों ने युवक पर चिमटा, चाकू और सरिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बकरी हटाने पर हुआ विवाद, पुलिस जांच में जुटी छत्तापुरवा निवासी दिलीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई अमर सिंह गांव के बाहर बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान गांव के रामचंद्र सिंह ने बकरियां हटाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक होने लगी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामचंद्र सिंह की बहू रेशमा देवी ने चिमटा और चाकू से हमला कर दिया। हमले में दिलीप की आंख के पास गंभीर चोट आई। इसके बाद रामचंद्र सिंह ने सरिया से मारपीट की, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। दिलीप ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान अनीता ने उसकी पत्नी के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। इसके बाद घायल दिलीप को उपचार के लिए ले जाया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार सचेंडी थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रामचंद्र सिंह, रेशमा देवी और अनीता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्या बोले थाना प्रभारी सचेण्डी थाना प्रभारी दीना नाथ मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में विवाद के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की चेतावनी भी दी है।
Read full article on Bhaskar