business
ROB निर्माण में आ रही बाधाएं जल्द दूर होंगी:मऊ डीएम बोले- 63% काम पूरा, बाल निकेतन के पास बन रहा सेतु
मऊ में बाल निकेतन के पास रेलवे संपार संख्या 0/बी पर निर्माणाधीन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बुधवार शाम 4 बजे उनकी अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सेतु निगम के सहायक अभियंता ने बताया कि परियोजना के रेलवे हिस्से का निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है। इसके अलावा फ्रीहोल्ड भूमि का क्लीयरेंस, नगर पालिका की कुछ दुकानों को हटाने और विद्युत विभाग की ओर से पोल शिफ्टिंग का काम पूरा नहीं होने से भी परियोजना प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि चौक क्षेत्र में प्रस्तावित आरओबी की निर्माण सीमा में एक मस्जिद और सिंधी कॉलोनी के कुछ मकान भी आ रहे हैं। नियमानुसार इनका खाली कराया जाना आवश्यक है। वैधानिक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने संबंधित अधिकारियों को सभी वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल शिफ्टिंग, नगर पालिका की दुकानों को हटाने और प्रभावित मस्जिद व मकानों को नियमानुसार खाली कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना में अनावश्यक देरी न हो। सहायक अभियंता सेतु निगम ने बताया कि आरओबी परियोजना के लिए कुल 9962.63 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें सेतु निगम का अंश 8540.85 लाख रुपये और रेलवे विभाग का अंश 1421.78 लाख रुपये है। परियोजना का निर्माण नाबार्ड-28 योजना के तहत कराया जा रहा है। परियोजना का कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। वर्तमान में परियोजना की कुल भौतिक प्रगति करीब 63 प्रतिशत बताई गई। डीएम ने सहायक अभियंता सेतु निगम को निर्देश दिया कि परियोजना से प्रभावित सभी विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने के बाद ही संबंधित कार्य आगे बढ़ाए जाएं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों और अनुमतियों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
Read full article on Bhaskar