crime
रीवा में 10 हजार का इनामी शातिर अपराधी पकड़ाया:डकैती-हत्या और एनडीपीएस समेत कई गंभीर मामलों में था फरार
रीवा में फरार और इनामी बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनगवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर 10 हजार रुपए के इनामी शातिर अपराधी हनुमंत उर्फ आदर्श सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बेलवा पेकान निवासी हनुमंत उर्फ आदर्श सिंह, पिता चंद्रभान सिंह कई महीनों से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ रीवा जिले के अलग-अलग थानों में डकैती, एनडीपीएस एक्ट, हत्या और लूट जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। मनगवां थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान हनुमंत उर्फ आदर्श सिंह के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ पूर्व की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ दर्ज मामलों और पूर्व की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
Read full article on Bhaskar