crime
पुजारी बनकर आए युवकों ने लाखों का सोना लूटा:महिलाओं को चावल की पुड़िया देकर सोने के जेवर लेकर हुए फरार
संतकबीर नगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में पुजारी बनकर आए दो युवकों ने दो महिलाओं से लगभग तीन लाख रुपये का सोना लूट लिया। घटना बीते 6 अगस्त को फरदहा गांव में हुई। अब मामला सामने आया है। आरोपी प्लेटिना बाइक पर सवार होकर आए थे और महिलाओं को झांसा देकर फरार हो गए। फरदहा गांव निवासी हरिश्चंद्र यादव ने बताया कि दोपहर करीब 11 बजे सांथा की ओर से प्लेटिना बाइक पर दो युवक उनके घर पहुंचे। उन्होंने खुद को लेहड़ा माता मंदिर का पुजारी बताया और भंडारे के लिए दक्षिणा मांगी। इस पर सावित्री, पत्नी कमलेश, और कुछ अन्य महिलाओं ने उन्हें चावल दिए। चावल लेने के बाद एक युवक ने पानी मांगा। जब एक महिला पानी लेकर आई, तो कथित बाबा ने उससे कहा कि वह परेशान दिख रही है। महिला के हां कहने पर, बाबा ने उसे अपना सोना लाने को कहा। उसने दावा किया कि सोने को 'झारने' और उसका पानी पीने से उसकी समस्या दूर हो जाएगी। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी महिला ने अपनी ज्वेलरी दे दी। इसी दौरान, उसके पति की मौसी की लड़की भी घर आई और उसने भी अपनी समस्या दूर करने के लिए अपनी ज्वेलरी दे दी। कथित बाबा ने मंगलसूत्र और कानों की झुमकी लेकर तुरंत मौके से फरार हो गया। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी ने एक हाथ में अक्षत और दूसरे हाथ में सोने का सामान लिया था, जिससे उसका दिमाग भ्रमित हो गया था। जब वे चले गए, तब उसने देखा कि चावल वाली पुड़िया उसे दे दी गई थी और सोने वाली पुड़िया वे अपने साथ ले गए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जाएगी।
Read full article on Bhaskar