crime
नागद्वारी यात्रा से पहले छिंदवाड़ा में अवैध शराब मिली:नागदेव में 2500 किलो लाहन जब्त, जायलो से 296 पाव शराब ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार
छिंदवाड़ा में नागद्वारी यात्रा और जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को विभाग की टीमों ने दो जगह कार्रवाई की। करीब 2500 किलो महुआ लाहन और 5 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई। वहीं चौरई में जायलो कार से 296 पाव शराब ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया। शराब और वाहन समेत कुल जब्ती की कीमत करीब सवा लाख रुपए बताई गई है। नागदेव में 2500 किलो महुआ लाहन जब्त नागद्वारी यात्रा को देखते हुए दमुआ और जामई वृत्त की आबकारी टीम ने नागदेव क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। विभाग को यात्रा के दौरान शराब पीकर यात्रियों के पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। टीम ने नागदेव में दुकानों की जांच की। यात्रियों को शराब से दूर रहने की समझाइश भी दी गई। इस दौरान मेंहदावीर के एक घर से 5 लीटर हाथ भट्टी शराब मिली। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद घोड़वाड़ी खुर्द की पहाड़ी के पीछे तालाब के पास बने एक अड्डे पर टीम पहुंची। यहां सिंटेक्स की टंकियों और ड्रम में महुआ लाहन रखा मिला। टीम ने करीब 2500 किलो महुआ लाहन जब्त किया। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जायलो कार से 296 पाव शराब मिली दूसरी कार्रवाई चौरई क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर हुई। मंगलवार दोपहर आबकारी टीम ने बोहनाखैरी से उमरिया ईसरा मार्ग पर एक जायलो कार को रोका। तलाशी के दौरान बीच वाली सीट के नीचे छह पेटियों में शराब छिपाकर रखी मिली। आबकारी विभाग के अनुसार, कार से 296 पाव देशी-विदेशी शराब मिली। इसकी कुल मात्रा करीब 53 बल्क लीटर बताई गई है। शराब ले जा रहे जनता नगर, छिंदवाड़ा निवासी संदेश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। शराब और जायलो वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब सवा लाख रुपए बताई गई है। दो टीमों ने की कार्रवाई नागदेव की कार्रवाई में दमुआ वृत्त प्रभारी पूर्णिमा बरकड़े, जामई वृत्त प्रभारी नरेन्द्र नागेश, उपनिरीक्षक हर्ष सोनी, प्रधान आरक्षक करण सिंह इनवाती, सचिन श्रीवास्तव, अमृता साहू, अनुराग गोनेकर और मिथुन उइके शामिल रहे। चौरई की कार्रवाई में वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी और आरक्षक भारती मरकाम मौजूद रहे। आबकारी विभाग के अनुसार नागद्वारी यात्रा के दौरान अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने यात्रियों से भी शराब से दूर रहकर यात्रा करने की अपील की है।
Read full article on Bhaskar