crime
लुलु मॉल के 2 रेस्टोरेंट में कॉकरोच-गंदगी, सीज किए गए:वेज-नॉनवेज भी साथ रखा था; लखनऊ के 8 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड
लखनऊ में लुलु मॉल के 2 रेस्टोरेंट मोती महल और एमआर ईटिंग पॉइंट सीज कर दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान इनकी रसोई में कॉकरोच और गंदगी पाई गई। वेज-नॉनवेज भी एकसाथ रखा मिला। शुक्रवार को ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने लखनऊ के रेस्टोरेंट में जांच की। खामियां मिलने पर 8 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द कर दिए। विभाग ने लखनऊ के अलावा गोरखपुर और नोएडा में भी अभियान चलाया। बाकी दोनों शहरों में 1-1 प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की। लाइसेंस रद्द करने के साथ ही इन प्रतिष्ठानों को बंद करा दिया गया। गोरखपुर के फूड केज में किचन में कॉकरोच, जाम ड्रेनेज और खराब स्वच्छता मिली। नोएडा के एफ बार एंड लाउंज में रोडेंट और पेस्ट इंफेस्टेशन मिला। पुराने तेल का इस्तेमाल, कच्चा-पक्का मांस साथ रखा लुलु मॉल के मोती महल रेस्टोरेंट में कॉकरोच मिलने के साथ कच्चे-पके और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था नहीं मिली। एमआर ईटिंग पॉइंट में रिपेयरिंग के बीच खाना बनाया जा रहा था, जिसे काम पूरा होने तक बंद करा दिया गया। ठाकुरगंज के पिज्जा हट में वेज और नॉनवेज खाना एक ही ओवन में पकाया जा रहा था। वास्तु खंड के चंपारण मीट में कच्चे और सेमी-कुक्ड मांस को साथ रखने, दुर्गंध और पुराने तेल के इस्तेमाल जैसी कमियां सामने आईं। कहीं कॉकरोच तो कहीं सड़ा-पुराना खाद्य सामान मिला समिट बिल्डिंग के बिंदास बार की रसोई में गंदगी, नाली की खराब स्थिति और खुला डस्टबिन मिला। अलीगंज के विंडीज बर्गर में प्री-कुक्ड खाद्य पदार्थों में प्रिजर्वेटिव इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन इसकी जानकारी ग्राहकों को स्पष्ट रूप से नहीं दी जा रही थी। विभूति खंड के क्लब जलवा में पुराने सेमी-कुक्ड खाद्य पदार्थों के साथ चिकन, फिश, मोमोज और सब्जियां अस्वच्छ तरीके से रखी मिलीं। यहां पुरानी पत्तागोभी और ग्रेवी भी मिली। फन मॉल के मद्रास डोसा में कीट संक्रमण और खराब हाइजीन के साथ पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर का अभाव मिला।
Read full article on Bhaskar