crime
लखनऊ नगर निगम ने अवैध डेयरियों के 32 पशु पकड़े:नालियां चोक होने के बाद आई थी शिकायत, जोन-6 में हुई बड़ी कार्रवाई
लखनऊ नगर निगम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर 32 पशुओं को ठाकुरगंज कांजी हाउस में निरुद्ध कर दिया।प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते की तरफ से संयुक्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बालागंज, कैंपबेल रोड, ठाकुरगंज, हरदोई रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में अवैध दूध डेयरियों और आवारा पशुओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। 16 गाय और 16 भैंस पकड़ी गईं विशेष अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कुल 32 पशुओं को पकड़ा। इनमें 16 गाय और 16 भैंस शामिल हैं। सभी पशुओं को पकड़कर ठाकुरगंज कांजी हाउस में निरुद्ध कराया गया। क्षेत्र में संचालित कुछ अवैध डेयरियों के कारण नालियों में गोबर एवं अन्य अपशिष्ट जमा होने से नालियां चोक हो रही थीं। बरसात के मौसम में नालियां बाधित होने के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने के साथ ही गंदगी बढ़ रही थी। मच्छरजनित बीमारियों के प्रसार की भी आशंका डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि नालियों में गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ रही थी, जिससे मच्छरजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ था। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता की दृष्टि से अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जनसुविधा और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखकर कार्रवाई डॉ.अभिनव वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई जनसुविधाओं, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से डेयरी संचालित करने, नालियों को बाधित करने अथवा पशुओं को इस प्रकार रखने से आमजन को परेशानी होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध डेयरियों के विरुद्ध नगर निगम का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar