crime
लड्डू खाने के बाद तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ी:स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान बांटे थे लड्डू; उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत
भिंड के अटेर के मल्लपुरा गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूल से बांटे गए लड्डू खाने के बाद तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिवार जन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में चिकित्सा टीम भेजकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हालांकि, अभी फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि नहीं हुई है। लड्डू खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत जानकारी के अनुसार मल्लपुरा थाना क्षेत्र के मावई अंतर्गत मल्लपुरा गांव निवासी छह वर्षीय मनीष पुत्र डिंपल राजपूत, दो वर्षीय अजीत पुत्र डिंपल राजपूत और छह वर्षीय ईशा पुत्री उमेश राजपूत 15 अगस्त को मल्लपुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के दौरान सुबह करीब 11 बजे बच्चों को लड्डू वितरित किए गए। लड्डू खाने के कुछ समय बाद तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। इनमें से दो बच्चों को बुखार भी बताया गया। इसके बाद परिवार जन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर ली जानकारी सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव ने बताया कि मल्लपुरा गांव में बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली थी। रविवार को चिकित्सा टीम को गांव भेजकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि दो बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत मिली है, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है। गांव में फिलहाल कोई चिंताजनक स्थिति नहीं है। बच्चों की तबीयत बिगड़ने का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुधांशु द्विवेदी का कहना है कि रात के समय चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से सूचना मिली थी। इसके बाद जांच दल गठित कर मौके पर भेजा गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर अब तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि लड्डू खाने से बच्चे बीमार हुए हैं। दो बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत थी। उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराकर दवाएं दिलाई गई हैं। दोनों की स्थिति सामान्य है। फिलहाल मामले में कोई बड़ी या गंभीर जानकारी सामने नहीं आई है।
Read full article on Bhaskar