crime
कट्टा लहराकर राहगीर को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार:रीवा में पहले से दर्ज हैं 4 मामले;
रीवा के सेमरिया में कट्टा लहराकर राहगीरों को धमकाने का मामला सामने आया है। चचाई-गोदहा मेन रोड पर चंदेल वेयर हाउस के पास एक युवक देशी कट्टा लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंदेल वेयर हाउस के पास एक युवक अवैध कट्टा लेकर सड़क पर घूम रहा है और लोगों को धमकाकर दहशत फैला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का देशी कट्टा मिला। कट्टा रखने के संबंध में युवक कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम जय प्रताप सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी इमली टोला बींडा बताया। पूछताछ में उसने बताया कि बरामद कट्टा प्रशांत शर्मा उर्फ बडगंईया का है। इसके बाद पुलिस ने प्रशांत शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान प्रशांत शर्मा उर्फ बडगंईया, उम्र 24 वर्ष, निवासी तिलखन थाना बैकुंठपुर, हाल निवासी बींडा थाना सेमरिया के रूप में हुई। थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के मुताबिक प्रशांत शर्मा के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में अवैध हथियार के संबंध में जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar