politics
काशी विद्यापीठ के भैरवनाथ कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन:बोले- पिछले सेमेस्टर का रिजल्ट नहीं आया, नियमित क्लास-प्रैक्टिकल भी नहीं हो रहे
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के भैरवनाथ कैंपस में मंगलवार को छात्रों ने शैक्षणिक व्यवस्था में अनियमितताओं और क्लास के संचालन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पिछले सेमेस्टर का रिजल्ट अभी तक जारी नहीं किया गया है। वहीं थ्योरी और प्रैक्टिकल क्लास भी नियमित रूप से नहीं हो रही हैं। छात्रों ने परीक्षा, रिजल्ट, क्लास, प्रैक्टिकल, शिक्षकों की नियुक्ति और एकेडमिक शेड्यूल से जुड़ी कई मांगें रखीं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार कैंपस में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन नहीं किया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि समय पर रिजल्ट नहीं मिलने से उन्हें अगले सेमेस्टर की पढ़ाई और परीक्षा को लेकर परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि किसी भी अगले सेमेस्टर की परीक्षा से पहले पिछले सेमेस्टर का रिजल्ट जारी किया जाए, ताकि छात्रों को समय रहते अपने परिणाम की जानकारी मिल सके। नियमित क्लास और प्रैक्टिकल की मांग छात्रों ने सभी विषयों की थ्योरी और प्रैक्टिकल क्लास नियमित रूप से संचालित कराने की मांग की। उनका कहना है कि लैब में प्रैक्टिकल कराने के लिए प्रशिक्षित और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, जिससे छात्रों को पर्याप्त व्यावहारिक ज्ञान मिल सके। छात्रों ने प्रथम से आठवें सेमेस्टर तक का पूरा एकेडमिक शेड्यूल पहले से जारी करने की भी मांग की। इसमें थ्योरी, प्रैक्टिकल और सेमेस्टर परीक्षाओं की तारीखें स्पष्ट रूप से बताने की मांग की गई है। लाइब्रेरी में नई किताबें और कृषि विभाग से प्रभारी की मांग छात्रों ने कैंपस की लाइब्रेरी में कृषि और संबंधित विषयों की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की पर्याप्त संख्या में नई किताबें उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि पढ़ाई के लिए छात्रों को दोनों भाषाओं में अध्ययन सामग्री मिलनी चाहिए। इसके अलावा छात्रों ने कैंपस की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए कृषि विभाग से एक प्रभारी अधिकारी या शिक्षक नियुक्त करने की मांग रखी। छात्रों के मुताबिक प्रभारी की कैंपस में नियमित मौजूदगी होनी चाहिए, ताकि छात्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जा सके। मिड-टर्म में एक दिन में दो पेपर कराने की मांग छात्रों ने मिड-टर्म परीक्षा को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए एक दिन में दो प्रश्न-पत्र कराने की मांग की। छात्रों का कहना है कि समय की कमी को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में इस तरह की व्यवस्था की जाए, जिससे सभी परीक्षाएं समय पर पूरी हो सकें। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि शैक्षणिक गतिविधियों में नियमितता और स्पष्ट एकेडमिक कैलेंडर से पढ़ाई की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
Read full article on Bhaskar