crime
कन्नौज में डाक कांवड़ लेकर दौड़ते समय युवक की मौत:अचानक लड़खड़ाकर सड़क पर गिरा, अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित
छिबरामऊ में डाक कांवड़ यात्रा से लौट रहे कक्षा 12 के एक छात्र की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। यह घटना फर्रुखाबाद रोड स्थित फर्रुखाबाद चौराहे के पास हुई। छात्र की पहचान मध्य प्रदेश के भिंड निवासी लव कुश बघेल (19) के रूप में हुई है। घटना से उसके साथी कांवड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई। लव कुश बघेल अपने करीब 17-18 साथियों के साथ फर्रूखाबाद के सिंगी रामपुर से डाक कांवड़ लेकर रविवार रात करीब 12 बजे भिंड से रवाना हुए थे। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे लव कुश फर्रुखाबाद रोड पर डाक कांवड़ लेकर दौड़ रहा था, तभी उसे अचानक चक्कर आया और वह लड़खड़ाकर सड़क पर गिर पड़ा। साथियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से लव कुश को छिबरामऊ स्थित सौ शैया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लव कुश अपने कस्बे के पीवीएन हाई सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12 का छात्र था। वह हीरा सिंह बघेल और रेखा देवी का पुत्र था और अपने तीन भाइयों अनूप, संजेश और लव कुश में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरा। परिजनों ने लव कुश का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।
Read full article on Bhaskar