crime
कमरे के अंदर फंदे पर महिला का शव मिला:मऊगंज में रात में घर से गायब होने पर सास ने ढूंढा, घर पहुंची तो मिली लाश
मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में शनिवार को एक महिला का शव उसके कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला। पुलिस को सूचना मिलने के बाद गांव में लोग जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद दोपहर करीब 3 बजे शव परिजन को सौंप दिया गया। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने क्या बताया? पुलिस के मुताबिक, मझिगवां निवासी नरेश कोल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे पड़ोसी साजन कोल की मां श्यामकली कोल उनके घर पहुंचीं। श्यामकली ने बताया कि उनकी बहू गीता कोल घर से कहीं चली गई है और उसे आसपास ढूंढने के लिए मदद मांगी। नरेश ने रात ज्यादा होने की बात कहकर उन्हें घर जाकर सोने की सलाह दी। इसके कुछ देर बाद श्यामकली अपने घर पहुंचीं और शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर नरेश समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर जाकर देखा तो गीता कोल कमरे में फंदे पर लटकी हुई थी। परिजन और ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर हनुमना पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की। हनुमना थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar