crime
जर्जर स्कूल में सात फीट का सांप निकला:बदहाली और अतिक्रमण से नाराज ग्रामीणों ने लगाया ताला
सपोटरा की नवीन ग्राम पंचायत जोड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में जर्जर भवन और अतिक्रमण की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने तालाबंदी कर दी। ग्रामीणों से समझाइश के लिए पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी मुनेश कुमार मीणा की मौजूदगी में एक कक्षा में करीब सात फीट लंबा सांप निकल आया। इससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने तालाबंदी समाप्त कर दी। बारिश में छत से टपकता है पानी ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के कई कक्षा-कक्ष जर्जर हालत में हैं। बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी होती है। स्कूल के चारों ओर अतिक्रमण होने के कारण भी परिसर में आवागमन और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। पहले भी निकल चुके हैं सांप ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल समय में पहले भी कई बार कक्षा-कक्ष और परिसर में सांप निकल चुके हैं। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। जिला शिक्षा अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे, तभी एक कक्षा में सांप दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसे कक्षा से बाहर निकालकर मार दिया। नए कक्ष और मरम्मत की मांग ग्रामीणों ने स्कूल भवन की मरम्मत कराने, नए कक्षा-कक्षों का निर्माण करवाने और स्कूल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि भवन की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जल्द स्थायी समाधान जरूरी है। रमसा से प्रस्ताव भेजने का आश्वासन जिला शिक्षा अधिकारी मुनेश कुमार मीणा ने नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए रमसा के माध्यम से प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल मरम्मत के लिए भामाशाहों से सहयोग लेने की बात भी कही। ग्रामीण ने एक कक्ष की मरम्मत का लिया जिम्मा इस दौरान जोड़ी निवासी पिंटू मीणा ने स्कूल के एक कक्षा-कक्ष की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। समाधान का भरोसा मिलने के बाद ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोल दिया। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भवन और अतिक्रमण की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग दोहराई।
Read full article on Bhaskar