environment
DM बोले-'जनप्रतिनिधि पहले अपने परिसर में लगाएं सोलर':मधेपुरा में पीएम सूर्य घर योजना पर ओरिएंटेशन प्रोग्राम,लोन के मामले निपटाएं
मधेपुरा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सोमवार को कला भवन परिसर में पंचायत एवं स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएम अभिषेक रंजन ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सबसे पहले अपने कार्यालय और परिसर में सोलर रूफटॉप प्लांट लगवाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के परिसर में सोलर लगने से आम लोगों में योजना के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ेगी। इससे उनका परिसर दूसरे लोगों के लिए रोल मॉडल बनेगा। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने योजना की समीक्षा भी की। उन्होंने सभी संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को प्राथमिकता देते हुए पात्र आवेदकों के ऋण आवेदनों का समय पर निष्पादन करें और लोन स्वीकृति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के लक्ष्य को पूरा करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाएं डीएम ने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं और कनीय विद्युत अभियंताओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करने और योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने को कहा। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है। योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र और बिहार सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है। 3 किलोवाट पर 98 हजार रुपए तक अनुदान 1 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार और बिहार सरकार की ओर से 10 हजार रुपए, यानी कुल 40 हजार रुपए तक अनुदान मिलेगा। 2 किलोवाट पर कुल 80 हजार रुपए और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर कुल 98 हजार रुपए तक अनुदान का प्रावधान है। पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेने के इच्छुक उपभोक्ता pmsuryaghar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों ने पात्र उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने की अपील की है। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी, नगर परिषदों के अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य एवं प्रतिनिधि, प्रखंड प्रमुख एवं उनके प्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, सरपंच और पंचायत समिति सदस्य शामिल हुए। विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार, सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता एवं विभागीय कर्मी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar