crime
चलती ट्रेन से महिला का पर्स खींचने वाला गिरफ्तार:मोबाइल-ज्वेलरी किए थे चोरी, एक साल से फरार था आरोपी; पहले से कई केस दर्ज
जोधपुर में जीआरपी थाना पुलिस की स्पेशल टीम ने एक साल से फरार चल रहे शातिर आभूषण चोर और स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पिछले साल राईकाबाग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से महिला यात्री का पर्स उड़ाया था। इसमें सोने के जेवरात, दो मोबाइल और 50 हजार रुपए थे। जीआरपी थानाधिकारी मुक्ता पारीक ने बताया- पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) केवलराम और उप अधीक्षक हरिराम सोनी के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों में वांछित अपराधियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्पेशल टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 1 साल से फरार चल रहे वारंटी अशोक बिश्नोई (23) पुत्र श्याम बिश्नोई निवासी बनाणियों की ढाणी पल्ली प्रथम जिला फलोदी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पिछले साल हुई थी लूट की वारदात बता दें कि 8 जुलाई 2025 को आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिला निवासी गोदावरी प्रिंसकिला प्रिंसी अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 14662 शालिमार मालाणी एक्सप्रेस में सफर कर रही थीं। राईकाबाग स्टेशन के पास आरोपी ने उनका लेडीज पर्स पार कर दिया था। पर्स में 2 महंगे मोबाइल, 50 हजार रुपए और सोने के आभूषण रखे हुए थे। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी अशोक बिश्नोई शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ फलोदी के मतौड़ा थाने में 2 और जीआरपी थाना जोधपुर में 2 मामले पहले से दर्ज हैं।
Read full article on Bhaskar