crime
बाड़मेर की होटल में मिला 47 किलो डोडा-पोस्त, मालिक गिरफ्तार:डीएसटी और ग्रामीण पुलिस ने की कार्रवाई
बाड़मेर जिले की ग्रामीण थाना पुलिस ने होटल की आड़ में अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 47 किलो 346 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर नशा मुक्त बाड़मेर अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में ग्रामीण थानाधिकारी जसवंतसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि जालीपा गांव में एक होटल की आड़ में डोडा-पोस्त का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएसटी और बाड़मेर ग्रामीण थाना पुलिस की टीम ने होटल पर दबिश दी। तलाशी के दौरान होटल से 47 किलो 346 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने होटल मालिक लक्ष्मणराम पुत्र लच्छाराम, निवासी मोतियोणियों का तला, साजटा, थाना सदर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
Read full article on Bhaskar