business
बलरामपुर- डीएम ने किया निर्माणाधीन रिंग रोड का स्थलीय निरीक्षण, कार्य की प्रगति का लिया जायजा
बलरामपुर- जनपद में निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाने एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा रिंग रोड के अंतिम बिंदु बिजलीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की भौतिक प्रगति का जायजा लेते हुए निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिंग रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज एवं अंडरपास के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी ओवरब्रिज एवं अंडरपास के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के विभिन्न हिस्सों में कार्य एक साथ संचालित करते हुए पर्याप्त श्रमिक, मशीनरी एवं अन्य आवश्यक संसाधन लगाए जाएं, जिससे निर्माण कार्य की गति बढ़ाई जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण की गति बढ़ाने के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। निर्माण में निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि रिंग रोड जनपद की महत्वपूर्ण अवस्थापना परियोजना है। इसके पूर्ण होने से शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, भारी वाहनों के दबाव को कम करने तथा आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसलिए परियोजना के प्रत्येक चरण को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यदायी संस्था के साथ समन्वय स्थापित करते हुए निर्माण में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति में अब किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप तेजी से कार्य आगे बढ़ाया जाए। इस दौरान संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहें। हिन्दी संवाद न्यूज से रिपोर्टर वी. संघर्ष बलरामपुर।
Read full article on Hindi News, हिंदी समाचार, Samachar, Today News, Br