crime
अनूपपुर में चोरी के 6 आरोपी गिरफ्तार:एक साथी अब भी फरार, पुलिस को 90 हजार के लोहे के सांचे मिले
अनूपपुर पुलिस ने लोहे के सांचे (प्रीकास्ट मोल्ड) चोरी करने के मामले में मंगलवार शाम छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिजुरी थाना इलाके के बहेराबांध गांव में हुई इस चोरी में करीब 90 हजार के सांचे मिले हैं। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि अनूपपुर निवासी राजेश कुमार गौतम ने बिजुरी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 6 अगस्त की रात बहेराबांध स्थित उनके प्लांट से खंभे और पैनल बनाने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के सांचे चोरी हो गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला गुनाह शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज किया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे आरोपियों ने चोरी की बात कबूल कर ली। गाड़ी न मिलने से पकड़ाए, कोर्ट में पेश पकड़े गए आरोपियों में ओम प्रकाश यादव (23), संजू भैना (23), मनीष पाव (23), मिथलेश साहू (18 साल 2 माह), राम अवतार विश्वकर्मा (26) और वीरेंद्र साहू (23) शामिल हैं। ये सभी अनूपपुर के ही रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी का माल कहीं और भेजने की फिराक में थे, लेकिन गाड़ी न मिलने से देर हो गई और पुलिस ने उन्हें माल समेत पकड़ा। सभी आरोपियों को कोतमा कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि एक फरार साथी की तलाश जारी है।
Read full article on Bhaskar