crime
20 लाख की धोखाधड़ी में कॉरियर कंपनी का मैनेजर गिरफ्तार:पार्सल की डिलीवरी में कस्टमर को देता था अपना और पत्नी के बैंक खातों का QR कोड
कोटा में पुष्पक कॉरियर कंपनी के मैनेजर को 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी और गबन मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- आरोपी मुख्तियार अली कंपनी में साल 2014 से मैनेजर पद पर काम कर रहा था। वह पार्सल की डिलीवरी और पिकअप के दौरान ग्राहकों को अपने और पत्नी के बैंक खातों के QR कोड देता था। इसके जरिए ग्राहकों से मिलने वाला किराया कंपनी के खाते में जमा होने के बजाय निजी खातों में पहुंचाया जाता था। विज्ञान नगर थाना पुलिस ने आरोपी मुख्तियार अली निवासी इकबाल चौक कुन्हाड़ी को तकनीकी सहायता से डिटेन कर गिरफ्तार किया। जांच में करीब 20 लाख रुपए के गबन के आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, कारतूस-चाकू जब्त कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- विज्ञान नगर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक कारतूस, तीन चाकू, एक स्विफ्ट कार और एक बाइक जब्त की। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पवन यादव को बाइक और कारतूस के साथ 13 अगस्त को पकड़ा गया। वहीं लाखन सिंह को इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में धारदार चाकू लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया गया। नाकाबंदी के दौरान शादाब और सुनील पांचाल को स्विफ्ट कार की तलाशी के दौरान धारदार चाकू के साथ 15 अगस्त को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने बूंदी के हिंडौली थाना क्षेत्र में टोंक बाइपास और बारां हाईवे पर लूट व चोरी की वारदातों में शामिल होना बताया। पुलिस के अनुसार- आरोपियों ने खानपुर थाना क्षेत्र में दर्ज नकबजनी के मामले सहित कुल चार बड़ी वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस सभी मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Read full article on Bhaskar