politics
विधायक बोले- योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति को भी मिले:निवाड़ी में जन विश्वास अभियान आयोजित, गिनाई सरकार की प्राथमिकताएं
निवाड़ी में ओरछा के मेला ग्राउंड में जन विश्वास अभियान 2026 के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर निवाड़ी विधायक अनिल जैन ने सरकार की प्राथमिकताओं को जनता के सामने रखा। उन्होंने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े हर व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान निवाड़ी विधायक अनिल जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। अर्जुन कुशवाहा को पीएमएफएमई योजना के तहत मसाला उद्योग गतिविधि के लिए 2 लाख 74 हजार 400 रुपए की ऋण सहायता दी गई। सुनील कुमार खंगार को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत गुड़िया और खिलौने बनाने के लिए 70 हजार का ऋण मिला। वहीं, मनमोहन दुबे को पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर की गतिविधि के लिए 25 हजार का ऋण प्रदान किया गया। विधायक अनिल जैन ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वचन को भी दोहराया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने शासन द्वारा संचालित जन कल्याण योजनाओं की विस्तार से जानकारी साझा करते हुए आवेदकों से आवेदन पत्र प्राप्त किए। कलेक्टर ने शिविर में आए हितग्राहियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से प्रत्येक पात्र हितग्राही को जोड़ने हेतु जिला प्रशासन संकल्पित है। किसी कारण से कोई पात्र हितग्राही को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है या दस्तावेजों की कमी रह गई हो तो जिले के प्रशासनिक अमले का यह भी कर्तव्य है कि हितग्राही के दस्तावेजों की कमी को पूरा कर शासकीय योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। शिविर में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया निवाड़ी विधायक अनिल जैन कलेक्टर जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना, डीएफओ मनोज कुमार सिंह, एसडीएम अशोक कुमार सेन खनिज अधिकारी अजय मिश्रा, उद्योग विभाग प्रबंधक शुभम राजपूत एसडीओ जलसंसाधन निकान्त भारद्वाज ,तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar