crime
विदिशा में 4,500 लीटर महुआ लहान नष्ट:पुलिस-आबकारी टीम ने पांच ठिकानों पर दी दबिश, 90 लीटर कच्ची शराब भी जब्त
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद विदिशा में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। कुरवाई में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पांच ठिकानों पर दबिश देकर 4,500 लीटर महुआ लहान नष्ट किया और 90 लीटर कच्ची शराब जब्त की। नष्ट किए गए लहान की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। रविवार को पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने नयापुरा कुरवाई, रूसिया टपरा, ग्राम रूसिया, माता बाग कुरवाई और खिरिया बागड़ी नाले के पास दबिश दी। ये जगहें अवैध शराब के लिए चिन्हित थीं। नयापुरा क्षेत्र में टीम को बड़ी मात्रा में महुआ लहान मिला। इसका इस्तेमाल कच्ची शराब बनाने के लिए किया जाना था। इसके अलावा अलग-अलग ठिकानों से 90 लीटर अवैध कच्ची हाथ भट्टी शराब जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है। जब्त और नष्ट की गई सामग्री की कुल कीमत करीब 10.15 लाख रुपए है। एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी और एसडीओपी कुरवाई रोशनी सिंह के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब बनाने और जमा करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, जमा करने और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar