crime
दादी के बार-बार टोकने से नाराज होकर की थी हत्या:रसोई में जाने से पहले हाथ धोने को कहा, पोते ने गुस्से में चाकू से रेता था गला
जयपुर में पोते ने अपनी दादी की हत्या छोटी बातों पर बार-बार टोकने से नाराज होकर की थी। पुलिस से पूछताछ में आरोपी पोते पुलकित ने बताया- दादी विमला देवी अक्सर मुझे रसोई में जाने से पहले हाथ धोने और दूसरी छोटी-छोटी बातों को लेकर टोकती रहती थी। इसी बात को लेकर मैं पहले से नाराज था। वारदात वाले दिन मंगलवार को मैं बाहर से घर आया था। इस पर दादी ने मुझे हाथ धोने के लिए टोका तो मेरा गुस्सा बढ़ गया। इस पर मैंने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से दादी का गला रेत दिया। बता दें कि भट्टा बस्ती थाना इलाके की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मंगलवार को पोते पुलकित (25) ने अपनी बुजुर्ग दादी विमला देवी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार- आरोपी पुलकित ने दादी की हत्या करना कबूल कर लिया है। वारदात के दिन ही जॉइन की थी कोचिंग भट्टा बस्ती के थानाधिकारी सुरेंद्र सैनी ने बताया- आरोपी पुलकित ग्रेजुएट है। उसने बीएड कर रखी है और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। वारदात वाले दिन 22 सितंबर को ही पुलकित ने कोचिंग सेंटर जॉइन किया था। कोचिंग से लौटने के बाद घर में रसोई में जाने से पहले हाथ धोने पर उसकी और दादी की नोकझोंक हुई। इसके बाद उसने गुस्से में हत्या कर दी। पिता ने देखा तो मां खून से लथपथ पड़ी थी वारदात का खुलासा सबसे पहले आरोपी के पिता प्रदीप शर्मा के घर पहुंचने पर हुआ। प्रदीप शर्मा सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। वे स्कूल में पढ़ाने के बाद घर लौटे थे। घर में एंट्री के बाद उन्होंने अपनी मां विमला देवी को बेड पर खून से लथपथ हालत में देखा। वहीं पुलकित के हाथ और कपड़ों पर भी खून लगा हुआ था। वह ऐसे ही घर में घूम रहा था। प्रदीप शर्मा इसके बाद पड़ोसी श्रवण सिंह के घर पहुंचे और उन्हें घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वारदात के दौरान आरोपी के हाथ में भी लगी थी चोट पुलिस जांच में सामने आया कि दादी की हत्या के दौरान पुलकित के हाथ के अंगूठे के पास भी चोट लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस अब चाकू समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है। वहीं पुलिस ने आरोपी पुलकित को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मानसिक अवसाद की दवा लेने की बात भी सामने आई पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि पुलकित मानसिक अवसाद की दवा ले रहा है। हालांकि पुलिस पूछताछ के दौरान उसके मानसिक रूप से विक्षिप्त होने जैसी स्थिति स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। पुलिस उसकी मेडिकल हिस्ट्री भी खंगाल रही है। साथ ही उसके गुस्सैल व्यवहार और अचानक हिंसक होने के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है। पिता शिक्षक, मां राजस्व विभाग में कार्यरत पुलकित के पिता प्रदीप शर्मा सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। वहीं उसकी मां कीर्ति शर्मा राजस्व विभाग में कार्यरत हैं। परिवार में हुई इस वारदात से इलाके में भी सनसनी फैल गई थी। यह खबर भी पढ़ें... जयपुर में चाकू से गला काटकर दादी की हत्या की:मर्डर के बाद शव के पास ही घूमता रहा, आरोपी पोते को पुलिस ने पकड़ा जयपुर में पोते ने बुजुर्ग दादी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पोते को डिटेन कर लिया था। (पूरी खबर पढ़ें)
Read full article on Bhaskar