politics
दरभंगा में 5 किमी तक निकाली तिरंगा यात्रा:14 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, सड़कों पर 'भारत माता की जय' के लगे नारे
दरभंगा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में 14 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चल रहा है। इसी को लेकर बुधवार को कार्यक्रम आयोजित हुआ। तिरंगा यात्रा 5 किलोमीटर निकली। यात्रा का शुभारंभ कर्पूरी चौक स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद तिरंगा यात्रा कर्पूरी चौक से बेंता चौक, लहेरियासराय टावर होते हुए लोहिया चौक तक निकाली गई। करीब पांच किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान सड़क पर चारों ओर तिरंगा ही तिरंगा नजर आया। लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद लोहिया चौक पर संबोधन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगते रहे। देश को आजाद कराने में सैनिकों ने अपना सब न्योछआवर कर दिया प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि देश को आजाद कराने में हजारों स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों ने अपना सब कुछ न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपने राष्ट्रीय ध्वज को गर्व के साथ फहरा रहे हैं। तिरंगा यात्रा में लोगों की भागीदारी राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक जनचेतना के आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा, हर गांव तिरंगा, हर प्रतिष्ठान तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय पर्वों पर अपने घर और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे के प्रति सम्मान और स्वाभिमान की भावना प्रदर्शित करनी चाहिए। प्रखंड मुख्यालयों से भी तिरंगा यात्रा निकाली गई जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता जिले में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की मजबूत भावना को दर्शाती है। तिरंगा देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान बनाए रखने की अपील की। बुधवार की शाम जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों से भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। सदर प्रखंड की तिरंगा यात्रा में नगर विधायक संजय सरावगी अपने आवास से शामिल हुए। इसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, केवटी में विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा के नेतृत्व में दड़िमा चौक से प्रखंड मुख्यालय थाना होते हुए केवटी चौक तक पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा ‘मेरा युवा भारत’ के सदस्यों ने भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित तिरंगा यात्राओं में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तिरंगा यात्रा में दरभंगा के प्रभारी मंत्री सह पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और छात्र शामिल हुए।
Read full article on Bhaskar