crime
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:दोस्त गंभीर रूप से घायल, पारा में दोनों घर की ओर लौट रहे थे
लखनऊ के पारा में बुद्धेश्वर चौराहे के पास मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया था। पुलिस के अनुसार, बीकेटी थाना क्षेत्र के अस्तल रैथा गांव के रहने वाले दीपक वर्मा अपने दोस्त अभिषेक कुमार कश्यप के साथ बंधरा से घर लौट रहे थे। वे हीरो स्प्लेंडर बाइक (UP32LB8759) पर सवार थे। उल्टी दिशा से आ रहा था ट्रक मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे बुद्धेश्वर चौराहे के पास हनुमन्त टाइल्स के सामने विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक (UP32NM8297) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से दोनों को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेजा। दीपक की हालत गंभीर थी, इसलिए परिजन उसे दूसरे निजी अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की शिकायत पर मुकदमा अभिषेक कुमार कश्यप का ट्रॉमा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा है। इस हादसे की खबर मिलने के बाद मृतक दीपक के परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने मृतक दीपक के पिता नागेश्वर की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar