crime
तिलयुगा नदी में नहाने गया युवक डूबा:सुपौल में NDRF को दी गई सूचना, तलाश जारी
सुपौल जिले के निर्मली स्थित निर्मल बाबा मंदिर के सामने तिलयुगा नदी में बुधवार दोपहर नहाने गया 35 वर्षीय व्यक्ति गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। लापता व्यक्ति की पहचान निर्मली नगर के वार्ड संख्या-03 निवासी प्रवीण कुमार कामत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की भीड़ नदी किनारे जुट गई। बताया गया कि प्रवीण कुमार कामत बुधवार दोपहर तिलयुगा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने के बाद उनका पता नहीं चला। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिजनों और प्रशासन को दी। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू कराया गया। एनडीआरएफ टीम को भी दी गई सूचना काफी देर तक नदी में खोजबीन किए जाने के बावजूद शाम 6 बजे तक प्रवीण कुमार का कोई सुराग नहीं मिल सका था। परिजन और स्थानीय लोग नदी किनारे मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से तलाश जारी रखी गई है। निर्मली की अंचलाधिकारी शाहिना बेगम ने बताया कि तिलयुगा नदी में एक व्यक्ति के डूबकर लापता होने की सूचना मिली है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कराई जा रही है। एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई है, ताकि टीम पहुंचने के बाद रेस्क्यू अभियान को और प्रभावी तरीके से चलाया जा सके। रेस्क्यू व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता इधर, घटना के बाद निर्मली अनुमंडल में आपदा और रेस्क्यू संसाधनों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जिले के कई हिस्सों से कोसी, तिलयुगा और बिहुल समेत नदियां गुजरती हैं। बारिश और बाढ़ के दौरान इन नदियों में डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद निर्मली प्रखंड में एक भी मोटर बोट उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है। ऐसे में नदी में डूबने जैसी आपात स्थिति में रेस्क्यू व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। फिलहाल प्रवीण कुमार कामत की तलाश जारी है।
Read full article on Bhaskar