top
शराब पीने से रोकने पर फायरिंग का आरोप, दो गिरफ्तार:एटा में दुकान के सामने गाड़ी खड़ी कर शराब पीने से किया था मना, भेजा जेल
एटा में कोतवाली देहात पुलिस ने दुकान के सामने गाड़ी खड़ी कर शराब पीने से रोकने पर युवक से मारपीट और फायरिंग करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब छह बजे गिरफ्तारी की जानकारी दी। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। महाराणा प्रताप चौक से पकड़े गए आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धांत यादव पुत्र महेंद्र यादव निवासी वर्मानगर, कोतवाली नगर और आदित्य भारद्वाज पुत्र सुरेंद्र निवासी आवास विकास कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को महाराणा प्रताप चौक से गिरफ्तार किया। शराब पीने से मना करने पर विवाद पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र में सिंध पंजाब ढाबे के पास हुई। संदीप (28) पुत्र महेश चंद्र ने पुलिस को बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो युवक उसके घर के सामने गली में गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे। संदीप ने उन्हें वहां शराब पीने से मना किया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने गाड़ी खड़ी कर उसके घर के दरवाजे पर पेशाब करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज की। कुछ देर बाद करीब 25 से 30 युवक मौके पर पहुंच गए। हवा में और युवक की ओर की फायरिंग का आरोप संदीप के मुताबिक, मौके पर पहुंचे युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि एक फायर हवा में किया गया, जबकि दूसरा उसकी ओर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात और लिप्टन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना के बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था। जांच के बाद सिद्धांत यादव और आदित्य भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी केके लोधी, उपनिरीक्षक अभिषेक वत्सल, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल आकाश चौधरी शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar