crime
श्मशान घाट में भरा पानी, सड़क किनारे किया अंतिम संस्कार:श्मशान तक पहुंचने का रास्ता भी था खराब, फतेहपुर सीकरी का मामला
आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी की ग्राम पंचायत सामरा के नगला सोमनाथ गांव में श्मशान घाट में करीब दो फीट पानी भरा होने के कारण 95 वर्षीय अंगूरी देवी का अंतिम संस्कार बस्ती में ही सड़क किनारे करना पड़ा। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि शमशान घाट तक पहुंचने का रास्ता भी बेहद खराब था। नगला सोमनाथ निवासी शिशुपाल कुशवाह की माता अंगूरी देवी का गुरुवार सुबह करीब पांच बजे निधन हो गया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए गांव के श्मशान घाट पहुंचे तो वहां करीब दो फीट पानी भरा मिला। जलभराव के कारण श्मशान घाट तक पहुंचने का रास्ता भी प्रभावित था। मजबूरन परिजनों को शव लेकर वापस लौटना पड़ा। अंतिम संस्कार के लिए कोई स्थान न मिलने के चलते सभी लोगों के गांव में घर के पास ही अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। इसके बाद सड़क किनारे ही चिता लगाई गई और अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट में न तो अंतिम संस्कार के लिए पक्का चबूतरा है और न ही टीनशेड की व्यवस्था है। बारिश के दिनों में पानी भर जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट में पक्का चबूतरा, टीनशेड और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। सरपंच केशव सिंह, रामेश्वर दयाल, टाइगर लाल सिंह, निर्भय सिंह कुशवाह समेत अन्य ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar