politics
शामली गन्ना समिति में सट्टा प्रदर्शन मेला शुरू:33 शिकायतें मिलीं, 30 का मौके पर निस्तारण; 25 सितंबर तक चलेगा
शामली में सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय में मंगलवार को गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेला शुरू हुआ। यह मेला सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चला। मेले का उद्घाटन सहकारी गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष ने फीता काटकर किया। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार कुशवाहा, गन्ना निरीक्षक प्रेम नारायण शुक्ला, समिति सचिव ओमप्रकाश और परिषद के पूर्व अध्यक्ष राजवीर सिंह भी मौजूद थे। समिति सचिव ने बताया कि यह मेला 15 से 25 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसमें किसानों की गन्ना सट्टा, सर्वे और अन्य समस्याओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। 15 सितंबर तक कुल 33 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 30 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। मिली शिकायतों में आठ भूमि संबंधी, एक सट्टा संबंधी और 16 अन्य श्रेणी की थीं। अन्य शिकायतों में मुख्य रूप से गन्ना क्रय केंद्र बदलने, आधार और मोबाइल नंबर से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि अगर उन्हें गन्ना सर्वे, सट्टा, भूमि, आधार, मोबाइल नंबर या क्रय केंद्र से जुड़ी कोई समस्या है, तो वे तय समय में समिति कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। अधिकारियों ने कहा कि किसानों की शिकायतों का नियमों के हिसाब से समाधान करने की कोशिश की जा रही है।
Read full article on Bhaskar