crime
सड़क पर गड्ढे या गड्ढों में सड़क?:मेहंदौरी आवास योजना में दो-दो फीट गहरे गड्ढे, बारिश में बन गई मुसीबत
प्रयागराज के रसूलाबाद स्थित मेहंदौरी आवास योजना की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह करीब दो फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों के लिए भी इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी से लबालब भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दोपहिया वाहन चालक जैसे ही किसी गड्ढे में पहिया डालते हैं, वाहन असंतुलित होने का खतरा बढ़ जाता है। बारिश के दौरान इस सड़क से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए बढ़ी चिंता इसी मार्ग से कॉलोनी के बच्चे रोजाना स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर जलभराव और गहरे गड्ढों के कारण अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। पैदल चलने वालों को पानी से होकर निकलना पड़ रहा है, जबकि बाइक और स्कूटी सवार दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं। पॉश कॉलोनी की सड़क की हालत खराब मेहंदौरी आवास योजना में बड़ी संख्या में डॉक्टर, प्रोफेसर, अधिवक्ता और अन्य पेशेवर परिवार रहते हैं। इसके बावजूद कॉलोनी की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। मस्जिद, मंदिर और मुख्य मार्ग को जोड़ती है सड़क स्थानीय लोगों के मुताबिक यह सड़क शिलाखाना मस्जिद से समिया मंदिर तक जाती है और इलाहाबाद-लखनऊ मुख्य मार्ग को भी जोड़ती है। ऐसे में इस रास्ते का उपयोग केवल कॉलोनीवासी ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों के लोग भी करते हैं। बारावफात जुलूस से पहले भी नहीं हुई कार्रवाई बुधवार को इसी मार्ग से बारावफात का जुलूस प्रस्तावित है। आयोजन समिति की ओर से नगर निगम को सड़क की खराब स्थिति की जानकारी देते हुए पत्र भी दिया गया है, लेकिन अब तक गड्ढों को भरने या सड़क की मरम्मत के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल कॉलोनीवासियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar