crime
सड़क को लेकर PWD और निगम आमने-सामने:जलभराव से कॉलेज चौराहे पर पलटा रिक्शा; महापौर बोले- PWD की सड़क में भ्रष्टाचार का नतीजा
रीवा में जलभराव और गड्ढों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। शनिवार दोपहर गड्ढे और जलभराव के कारण कॉलेज चौराहे पर एक रिक्शा पलट गया। इससे पहले शुक्रवार को कुछ युवक जलभराव के विरोध में इसी चौराहे पर धरने पर बैठ गए थे। शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर जलभराव और गड्ढों की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। एक तरफ लोक निर्माण विभाग इसे नगर निगम का काम बताते हुए अपना पल्ला झाड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम महापौर अजय मिश्रा बाबा ने सड़क की स्थिति को लोक निर्माण विभाग का भ्रष्टाचार करार दिया है। महापौर ने कहा कि कॉलेज चौराहे से सिरमौर चौराहे की तरफ जाने वाली सड़क लोक निर्माण विभाग की है। यह सड़क नगर निगम की नहीं है। उन्होंने कहा कि रतहरा से चोरहटा तक की सड़क 2003 से 2026 के बीच 13 बार बन चुकी है। एक बार इसका 112 करोड़ रुपए का टेंडर भी हुआ था, जिसमें रतहरा से चोरहटा तक सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाई गई थी। महापौर के मुताबिक उस समय भी सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी। उस समय इलैया राजा टी कलेक्टर और केके गर्ग कार्यपालन यंत्री थे, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब स्थिति यह है कि सड़क पूरी तरह बैठ गई है और जगह-जगह से बुरी तरह उखड़ रही है। महापौर ने कहा कि सड़क की मौजूदा स्थिति भ्रष्टाचार का परिणाम है।
Read full article on Bhaskar