crime
सीतापुर में कैंटोनमेंट की जमीन पर नाले-फुटपाथ से हटा कब्जा:नगर पालिका ने बुलडोजर चलाकर 10 साल पुराना अतिक्रमण हटाया
सीतापुर में शहर के लोहरबाग मोहल्ले में गुरुवार दोपहर करीब 4:30 बजे नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर के जरिए नाले और मुख्य सड़क के फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे हटवा दिए। पालिका की टीम ने गुमटी, सामान और अन्य अस्थायी निर्माण हटाकर सड़क व नाले के आसपास का रास्ता साफ कराया। कार्रवाई प्रभारी ईओ सीमा सिंह की मौजूदगी में की गई। प्रभारी ईओ सीमा सिंह ने बताया कि कांटोमेंट की जमीन पर नाले और मुख्य सड़क पर करीब 10 वर्षों से लोगों ने कब्जा कर रखा था। इसके कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। मुख्य सड़क पर चार पहिया वाहनों को मोड़ने में भी परेशानी हो रही थी। अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी तीन-चार बार अभियान चलाने की तैयारी की गई थी, लेकिन किसी कारणवश कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकारियों को एक दिन पहले मौके पर पहुंचकर मौखिक रूप से कब्जा हटाने के लिए कहा गया था। साथ ही नगर पालिका की ओर से पात्र लोगों को नियमानुसार दुकान आवंटित किए जाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद निर्धारित तिथि तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद पालिका की टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई करनी पड़ी। प्रभारी ईओ के अनुसार, कैंटोनमेंट की जमीन के आसपास भी लोगों ने अतिक्रमण कर गंदगी फैला रखी थी। साफ-सफाई और सार्वजनिक स्थान को व्यवस्थित रखने के लिए वहां से भी कब्जे हटाए गए। मुख्य सड़क पर एक महिला और उसकी बेटी द्वारा किए गए कब्जे को भी हटाया गया। पालिका के मुताबिक उन्हें कांशीराम आवास योजना के तहत आवास आवंटित है, लेकिन वे वहां नहीं रह रही थीं। सड़क किनारे उनका सामान और कचरा पड़ा होने से मुख्य मार्ग की स्थिति खराब दिख रही थी। प्रभारी ईओ ने कहा कि डीएम के निर्देश पर शहर में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar