crime
बठिंडा बस स्टैंड पर निजी बस ने छात्रा को कुचला:राजस्थान से परीक्षा देने आई थी, वापस जाने के लिए बस पकड़ते समय हुआ हादसा
बठिंडा बस स्टैंड पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान से परीक्षा देने आई एक छात्रा की बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी मंजीत कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परीक्षा देकर लौट रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंजीत कौर रविवार को बठिंडा में अपनी एक परीक्षा देने आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह वापस अपने घर लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंची। बस पकड़ने की जल्दी में वह अचानक एक चलती निजी बस की चपेट में आ गई। बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दस्तावेजों से हुई पहचान, परिजनों को दी गई सूचना हादसे की सूचना मिलते ही 'सहारा जनसेवा' संस्था के सदस्य विक्की कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। युवती के पास से मिले दस्तावेजों और पहचान पत्रों की मदद से उसकी शिनाख्त की जा सकी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में रखवा दिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, परिजनों के बयान पर होगी कार्रवाई बस स्टैंड पुलिस चौकी के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों के बठिंडा पहुंचने पर उनके बयानों के आधार पर बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Read full article on Bhaskar