top
सर्राफा कारोबारी की गाड़ी से 85 लाख चोरी का खुलासा:ड्राइवर ने रिश्तेदार के साथ मिलकर रची साजिश; 79 लाख कैश और जेवर बरामद
बदायूं में 10 सितंबर को सर्राफा कारोबारी की कार से 85 लाख रुपए कैश और 101.68 ग्राम सोने के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।पुलिस ने ड्राइवर आरिफ अंसारी और उसके रिश्तेदार वसीम अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 79 लाख रुपए कैश और जेवरात बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी की साजिश ड्राइवर ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर रची थी। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, वारदात में दो अन्य लोग भी शामिल हैं। इनके पास बाकी रकम होने की आशंका है। पुलिस ने फिलहाल इनके नाम उजागर नहीं किए हैं। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। बरेली रोड पर कार से चोरी हुआ था बैग 10 सितंबर को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बरेली रोड स्थित एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज के पास कार से बैग चोरी हुआ था। इसमें 85 लाख रुपए कैश और 101.68 ग्राम सोने के जेवरात थे। बैग मेरठ के सर्राफा कारोबारी शेख दिलावर हुसैन का था। कारोबारी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मुस्तफापुर के रहने वाले हैं। वह जेवरात की रिपेयरिंग का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक, बदायूं से बड़ी मात्रा में जेवरात रिपेयरिंग के लिए मेरठ आते हैं। ड्राइवर ने कार लॉक नहीं की, रिश्तेदार ने निकाला बैग एसएसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरिफ ने बताया कि 10 सितंबर को वह एक अन्य कर्मचारी सरफराज के साथ बदायूं से माल और कैश लेकर मेरठ लौट रहा था। नवादा के पास उसने बिरयानी के ठेले पर कार रोकी। आरिफ कार को लॉक किए बिना सरफराज के साथ बिरयानी खाने चला गया। इसी दौरान उसका रिश्तेदार वसीम वर्ना कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि वसीम ने खुली कार से कैश और जेवर वाला बैग निकाल लिया। गुमराह करने के लिए तोड़ा कार का शीशा पुलिस के अनुसार, चोरी को सामान्य वारदात दिखाने के लिए कार का पिछला शीशा तोड़ दिया गया था। इसके बाद सर्राफा कारोबारी को चोरी की जानकारी दी गई। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद वसीम को दो अन्य लोगों ने शरण दी। इसके बदले उन्होंने 6 लाख रुपए लिए थे। इन दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। 79 लाख कैश और जेवर बरामद पुलिस ने आरिफ को इस्लामाबाद, लिसाड़ी गेट और वसीम को पूर्वा अब्दुल वाली, इमलीयान मस्जिद क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 79 लाख रुपए कैश और सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस बाकी रकम की भी तलाश कर रही है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम एसएसपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। टीम में सिविल लाइंस एसएचओ हरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम सुपेंद्र मलिक, एसआई आनंद अमौरिया समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar