business
सोनभद्र को पर्यटन हब बनाने की तैयारी:कारोबारियों से निवेश बढ़ाने की अपील, डीएम ने कहा- पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था मजबूत करें
सोनभद्र कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में होटल व्यवसायियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें सोनभद्र को बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था मजबूत करने और होटल क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर चर्चा की गई। होटल संचालकों को आंकड़े देने के निर्देश डीएम ने होटल व्यवसायियों से कहा कि होटलों में ठहरने वाले पर्यटकों का ब्यौरा नियमित रूप से जिला पर्यटन कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। इससे पर्यटन से जुड़े आंकड़े जुटाने और उनके आधार पर बेहतर योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने होटल संचालकों से सरकार की सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उद्योग विभाग के माध्यम से एमओयू कराकर होटल कारोबार को बढ़ाने की सलाह दी। वाराणसी से पर्यटकों को जोड़ने की तैयारी डीएम ने कहा कि वाराणसी और आसपास के जिलों से आने वाले पर्यटकों को सोनभद्र के प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। इस दौरान बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार भारती, फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिक सेफ्टी से जुड़े अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सिंह समेत जिले के होटल व्यवसायी और उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar