crime
स्मैक के ओवरडोज से युवक की मौत:हाथ में फंसी मिली सिरिंज, परिजन बोले- दोस्तो के साथ गया था
शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के नोहरी में रेलवे ब्रिज के पास पेट्रोल पंप के सामने शनिवार सुबह एक युवक का शव दीवार से टिका हुआ मिला। युवक के हाथ में सिरिंज फंसी हुई थी। ऐसे में प्रथम नजर में उसकी मौत स्मैक के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया था। शनिवार दोपहर शव की पहचान गांधी पार्क निवासी 27 वर्षीय अमन बाल्मीक पुत्र बलराम बाल्मीक के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि अमन भोपाल के एक क्लब में काम करता था और उसका शिवपुरी आना-जाना लगा रहता था। इन दिनों क्लब के इनॉग्रेशन का काम चल रहा था, जिसके चलते वह पिछले करीब एक महीने से शिवपुरी में ही रुका हुआ था। परिजनों के मुताबिक अमन को हरेन्द्र और आकाश नाम के दो दोस्त स्मैक का नशा कराते थे। शुक्रवार रात करीब 8 बजे अमन घर से निकला था। इसके बाद सुबह परिजनों को पुलिस से उसकी मौत की खबर मिली। परिजनों का कहना है कि रात में अमन अपने दोनों दोस्तों के साथ ही गया था। आशंका है कि तीनों ने कहीं बैठकर नशा किया और अमन को नोहरी में छोड़कर दोनों दोस्त वापस चले गए। परिजनों के मुताबिक जब सुबह अमन के दोस्तों से पूछा गया तो उनका कहना था कि अमन उन्हें करीब आठ दिन से मिला ही नहीं है। इस बात को लेकर परिजनों ने संदेह जताया है। उनका कहना है कि कठमई इलाके में स्मैक आसानी से मिल जाती है। संभव है कि तीनों ने वहीं से स्मैक खरीदी हो और रेलवे ब्रिज के पास पेट्रोल पंप के नजदीक नशा किया हो।
Read full article on Bhaskar