business
सोलर मेला में 150 से अधिक रजिस्ट्रेशन:सौर ऊर्जा के जागरूकता के लिए रथ रवाना, योजना का होगा प्रचार-प्रसार
गयाजी में गुरुवार को हरिदास सेमिनरी परिसर में सोलर मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लिया और अपने घरों की छत पर सोलर रूफटॉप पैनल लगवाने में रुचि दिखाई। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और नगर आयुक्त ने मेले का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। मेले में सोलर रूफटॉप से जुड़ी योजनाओं, प्रक्रियाओं और उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। मेले के बाद 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के प्रचार-प्रसार को गति देने के लिए एक सोलर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करेगा और उन्हें सोलर रूफटॉप पैनल लगवाने के लिए प्रेरित करेगा। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि मेले के दौरान 150 से अधिक उपभोक्ताओं ने सोलर रूफटॉप पैनल लगाने के लिए अपना पंजीकरण कराया। 25 से अधिक सोलर लोन दिए वहीं, मेले में विभिन्न बैंकों की ओर से भी उपभोक्ताओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। करीब 25 से अधिक सोलर लोन उपभोक्ताओं को दिए गए हैं। इससे उन परिवारों को सोलर पैनल लगाने में मदद मिलेगी, जो बैंक ऋण के माध्यम से अपने घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना चाहते हैं। कार्यक्रम में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत गयाजी जिले में सोलर रूफटॉप पैनल लगाने की दिशा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सोलर वेंडरों, जिला स्तरीय बैंकों और विभागीय पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से उन संस्थाओं और कर्मियों का उत्साह बढ़ाया गया, जो जिले में सौर ऊर्जा को घर-घर पहुंचाने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हरित ऊर्जा की ओर बढ़ रहा गयाजी सोलर मेला-2026 को जिले में सौर ऊर्जा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। एक ही मंच पर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी, सोलर वेंडरों की सेवाएं और बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को काफी सहूलियत मिली। वहीं, सोलर रथ के माध्यम से अब यही संदेश जिले के अलग-अलग इलाकों तक पहुंचाने की तैयारी है। सोलर मेले में बड़ी संख्या में हुए रजिस्ट्रेशन और बैंक ऋण की उपलब्धता से स्पष्ट है कि गयाजी में लोग पारंपरिक बिजली व्यवस्था के साथ-साथ सौर ऊर्जा को भी भविष्य के मजबूत विकल्प के रूप में स्वीकार कर रहे हैं।
Read full article on Bhaskar