crime
स्कूली छात्र को फर्श पर पटका, लातें मारने का VIDEO:परिजन बोले- बच्चे को इतना मारा कि टी-शर्ट फट गई, प्रिंसिपल की एसपी से शिकायत
नीमच शहर के संस्कार पब्लिक स्कूल में 8वीं कक्षा के एक छात्र से प्रिंसिपल ने मारपीट की है। सोमवार को इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। पीड़ित छात्र की मां ने नीमच कैंट थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उन्होंने आरोपी प्रिंसिपल विष्णु पंवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया कि 12 सितंबर को स्कूल में बच्चों के बीच हल्की कहासुनी हुई थी। इसके बाद जब छात्र कक्षा में खाना खा रहा था, तभी प्रिंसिपल विष्णु पंवार वहां आए। उन्होंने छात्र का कॉलर पकड़ा और मारपीट शुरू कर दी। प्रिंसिपल ने छात्र को उठाकर फर्श पर पटका और लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान छात्र की टी-शर्ट भी फट गई। परिजन क्या बोले? पीड़ित छात्र की मां ने प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का कहना है कि प्रिंसिपल लंबे समय से छात्र के साथ गलत व्यवहार कर रहे थे। वे उसे स्कूल के कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं होने देते थे। मां के अनुसार, पहले भी मारपीट कर उसकी टी-शर्ट फाड़ी गई थी। प्रिंसिपल छात्र को धमकी देते थे कि "उसे इतना मारेंगे कि छत से नीचे फेंक देंगे और बाद में इसे बच्चों की लड़ाई बताकर मामला खत्म कर देंगे।" इसके अलावा, स्कूल से टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) मांगने पर उसका भविष्य खराब करने और किसी दूसरे स्कूल में एडमिशन न मिलने देने की धमकी भी दी जाती थी। सीसीटीवी नहीं देने के आरोप लगाए परिजन का आरोप है कि जब उन्होंने घटना के सीसीटीवी फुटेज मांगे, तो स्कूल प्रबंधन ने कैमरे खराब होने या फुटेज डिलीट होने की बात कही। परिजन ने यह भी बताया कि शिकायत करने पर स्कूल प्रबंधन ने उनके साथ गलत व्यवहार किया और धमकी दी। छात्र की सुरक्षा को लेकर चिंतित मां ने पुलिस के साथ-साथ राज्य मानव अधिकार आयोग (भोपाल) को भी शिकायत की कॉपी भेजी है। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने इस मामले का संज्ञान लिया है। प्रिंसिपल ने कहा- बच्चा आए दिन करता था झगड़ा वहीं स्कूल प्रिंसिपल विष्णु पंवार ने बताया कि उक्त छात्र पिछले 5 महीने से स्कूल में हुड़दंग मचा रहा था। आए दिन किसी न किसी से लड़ाई झगड़ा करता है। स्कूल से निकालने को लेकर लेकर परिजन को नोटिस भी दिया गया था। उन्होंने कहा कि था कि इस साल स्कूल में पढ़ा कर अगले साल दूसरे स्कूल में एडमिशन करवा देंगे। पुलिस ने हिरासत में लिया कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता देखते हुए प्राचार्य को हिरासत में लिया है। मारपीट की धारा और जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज किया जा रहा है।
Read full article on Bhaskar