business
सहारनपुर में 2.10 करोड़ की 1800 मीटर सड़क का उद्घाटन:सांसद इमरान मसूद बोले- 26 जनवरी का वादा 15 अगस्त को पूरा हुआ
सहारनपुर के वुडन सिटी खाता खेड़ी में शनिवार दोपहर 2 बजे 1800 मीटर लंबी सड़क का उद्घाटन किया गया। सांसद इमरान मसूद और विधायक शाहनवाज खान ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 2.10 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसमें से 1.50 करोड़ रुपये सांसद और विधायक निधि से,जबकि 60 लाख रुपये नगर निगम द्वारा दिए गए हैं। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों ने सांसद और विधायक का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद इमरान मसूद ने बताया कि उन्होंने 26 जनवरी को खाता खेड़ी के लोगों से सड़क बनवाने का वादा किया था, जिसे 15 अगस्त को पूरा किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सांसद के रूप में अपने सवा दो साल के कार्यकाल में उन्होंने संसद में सहारनपुर सहित देशभर के मुद्दों को उठाया है। इमरान मसूद ने जनता को आश्वस्त किया कि जहां भी लोगों को उनकी आवश्यकता होगी,वह और उनकी टीम मौजूद रहेगी। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित मस्जिद के एक मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जब मस्जिद को अवैध बताकर तोड़ने का प्रयास किया गया था,तब उन्होंने दिल्ली से लौटकर वहां जुमे की नमाज पढ़ी और मस्जिद कमेटी का समर्थन किया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने पर ऐसे मामलों को तुरंत ठीक किया जाएगा। सांसद ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग उनकी आलोचना करते हैं, उन्हें सरकार के खिलाफ भी बोलने का साहस दिखाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें जेल जाने या किसी कार्रवाई का कोई डर नहीं है और वह अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभा रहे हैं। चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि उन्हें हराने के लिए विभिन्न प्रकार की साजिशें की जाएंगी। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों के बहकावे में न आने की अपील की और कहा कि जनता ही उनकी असली ताकत है। विधायक शाहनवाज खान ने बताया कि सड़क का टेंडर तीन बार निरस्त हुआ था, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार काम शुरू कराया जा सका। उन्होंने भी पुष्टि की कि 26 जनवरी को किया गया वादा स्वतंत्रता दिवस पर पूरा हुआ है।
Read full article on Bhaskar