top
संभल में थार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत:आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हादसा, पुलिस ने थार और ड्राइवर को पकड़ा
संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। नानी के घर से लौट रहा था युवक हादसा दोपहर करीब 1 बजे जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र में आटा गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान बहजोई थाना क्षेत्र के बेहटा जयसिंह गांव निवासी 27 वर्षीय नितिन कुमार पुत्र छबिलाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, नितिन चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के सीकरी गेट स्थित अपनी नानी के घर से बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार थार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। पांच साल से चला रहा था ऑटो रिपेयरिंग की दुकान नितिन बाइक मिस्त्री था। वह पिछले करीब पांच साल से बहजोई कस्बे में डीएम ऑफिस के सामने ऑटो रिपेयरिंग की दुकान चला रहा था। दुकान से ही वह परिवार का सहारा बना हुआ था। उसके पिता किसान हैं। नितिन पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीएचसी में डॉ. मनमोहन शर्मा ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद उसकी पहचान हो सकी। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने थार और उसके चालक को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है। थार और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Read full article on Bhaskar