top
संभल में तालाब की जमीन पर मकान बनाने की शिकायत:ग्रामीणों के विरोध के बाद राजस्व टीम खाली हाथ लौटी, दरोगा पर गलत व्यवहार का आरोप
संभल में तालाब की जमीन पर बने चार मकानों को गिराने राजस्व टीम बुलडोजर लेकर पहुंची थी। लेकिन मकान मालिकों और ग्रामीणों के विरोध के बाद टीम को बिना कार्रवाई किए ही वापस लौटना पड़ा। यह घटना गुन्नौर तहसील के डुप्ता खुर्द गांव की है। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे नायब तहसीलदार अनुज कुमार, राजस्व निरीक्षक बृजपाल मौर्य और लेखपाल मोहम्मद कसा, मोहम्मद आजम, अनस अहमद की टीम बुलडोजर के साथ गांव डुप्ता खुर्द पहुंची। टीम शाम 06 बजे वापस लौट गई। उक्त गांव संभल जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र में आता है। टीम सुखपाल सिंह की शिकायत पर कार्रवाई करने आई थी, जिन्होंने बॉबी के पुराने मकान को तालाब की जमीन पर बना बताया था। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। बॉबी ने आरोप लगाया कि राजस्व टीम बिना किसी नोटिस या सूचना के उनका मकान तोड़ने पहुंची थी। उनका कहना है कि उनका मकान कई साल पुराना है और वह तालाब की जमीन पर नहीं बना है। बॉबी ने दावा किया कि तालाब की जमीन कहीं और है और उन्हें 20 साल से परेशान किया जा रहा है। ग्रामीणों के साथ गलत व्यवहार किया गया धीरेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत करने वाले व्यक्ति का खुद का और उसके चचेरे भाई का मकान भी तालाब की जमीन पर बना है। उन्होंने यह भी दावा किया कि लगभग आधा गांव सरकारी जमीन पर बसा हुआ है। ग्रामीण सियाराम ने आरोप लगाया कि टीम बिना नोटिस दिए मकान तोड़ने आई थी और ग्रामीणों के साथ गलत व्यवहार किया गया। उन्हें नोटिस देकर कार्रवाई करने की धमकी भी दी गई। नापतोल के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस और हंगामा हुआ, जिससे मारपीट की स्थिति बन गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। ग्रामीणों ने टी-पॉइंट चौकी पर तैनात दरोगा जतिन कुमार सैनी पर भी गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया है। दरोगा से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया तो फोन रिसीव नहीं हुआ है।
Read full article on Bhaskar