crime
रायपुर में 50 गुमशुदगी के मामलों में 39 लोग मिले:पारिवारिक नाराजगी और प्रेम संबंध समेत अलग-अलग कारणों से घर छोड़कर गए थे लोग
रायपुर में लापता लोगों की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 39 लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया है। सेंट्रल जोन के 7 थानों में दर्ज 50 गुमशुदगी के मामलों में से 11 लोगों की तलाश अभी बाकी है। पुलिस के मुताबिक, अब तक मिले सभी 39 लोगों से पूछताछ और जांच में किसी के साथ अपराध या अनहोनी होने की बात सामने नहीं आई है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में यह अभियान DCP तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और एडिशनल DCP विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में लगातार पतासाजी की और परिजनों से संपर्क कर लापता लोगों को खोजा। 30 अक्टूबर तक की स्थिति में 39 लोगों को उनके परिवारों तक पहुंचाया जा चुका है। मौदहापारा में सबसे ज्यादा 11 लोग मिले थानावार आंकड़ों के मुताबिक, मौदहापारा थाने में दर्ज 12 मामलों में 11 लोग मिल चुके हैं। सिविल लाइन में 10 में से 6, तेलीबांधा में 8 में से 7, गंज में 7 में से 4, कोतवाली में 5 में से 4 और गोलबाजार में 4 में से 3 लोग मिले हैं। देवेंद्र नगर थाने में दर्ज सभी 4 मामलों में लापता लोगों को खोज लिया गया है। कोई काम की तलाश में गया, तो कोई नाराज होकर घर छोड़ गया पुलिस की जांच में लोगों के लापता होने के अलग-अलग कारण सामने आए हैं। कुछ लोग काम की तलाश में दूसरे शहर चले गए थे, तो कुछ पारिवारिक नाराजगी के चलते घर छोड़कर चले गए। कुछ मामलों में मानसिक अस्वस्थता के कारण लोग परिवार से बिछड़ गए। वहीं, प्रेम संबंध के चलते घर छोड़ने और विवाह करने के मामले भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान कुछ लोग परिजनों को बिना बताए डोंगरगढ़ दर्शन के लिए चले गए थे। उनके परिवारों ने भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 11 लोगों की तलाश अब भी जारी पुलिस ने बताया कि बाकी 11 लोगों की तलाश जारी है। उनकी जानकारी जुटाई जा रही है और परिजनों के संपर्क में रहकर पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि 22 मई 2026 के बाद मिली गुमशुदगी की सूचनाओं पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार भारतीय न्याय संहिता के तहत FIR दर्ज की जा रही है। FIR दर्ज होने का मतलब यह नहीं है कि अपहरण या कोई दूसरा अपराध हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने की अपील की है।
Read full article on Bhaskar