business
रामपुर में बैंक कर्मियों का प्रदर्शन:5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत मांगें उठाईं, 11 को हड़ताल की चेतावनी
रामपुर में 8 सितंबर को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने बैज लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा और सीएसी शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने कार्य के दौरान बैज धारण कर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की। UFBU के आह्वान पर आयोजित ‘बैज पहनो’ कार्यक्रम के दौरान बैंक कर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, सभी संवर्गों के लिए उचित एवं पर्याप्त प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) देने तथा लंबित अवशिष्ट मुद्दों (Residual Issues) का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग उठाई। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि इन मांगों को लेकर संगठन लंबे समय से आवाज उठा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की गई तो 11 सितंबर को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल को सफल बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत से जुटेगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों में उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। UFBU पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन के प्रत्येक आह्वान पर बैंक कर्मचारी एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। कार्यक्रम में UFBU जिला संयोजक धनराज, आंचलिक सचिव गिरेंद्र तथा सर्किल डेलीगेट रितेश त्रिवेदी समेत बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar