crime
रजौली में वज्रपात से तीन मजदूरों की मौत, सीतामढ़ी के रहने वाले थे सभी
नवादा के रजौली में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों मृतक सीतामढ़ी जिले के मधेशरा गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। सभी मजदूरी करने के लिए रजौली पहुंचे थे। घटना अमावां पश्चिमी पंचायत के दरियापुर गांव की है। बताया गया कि स्थानीय किसान मनोज यादव के खेत में धान की रोपाई के दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आने से खेत में काम कर रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सीतामढ़ी के मधेशरा गांव से 12 मजदूरों की टीम धान रोपाई के लिए रजौली आई थी। घटना के समय कुछ मजदूर राजा बिगहा गांव में काम कर रहे थे, जबकि चार मजदूर दरियापुर में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली गिर गई। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय मनी मांझी, रामप्रीत मांझी के 20 वर्षीय पुत्र राजेंद्र मांझी और इंदल मांझी के 18 वर्षीय पुत्र इंद्रजीत मांझी के रूप में हुई है। तीनों आपस में चाचा और चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। वहीं उनके साथ मौजूद रघुवीर कुमार इस हादसे में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसके लिए दो एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं। हादसे के बाद दरियापुर गांव में मातम पसरा हुआ है।
Read full article on Mithila Hindi News