crime
प्रतापगढ़ में कावड़ यात्रियों से भरी पिकअप पलटी:घुइसरनाथ धाम से लौट रहे 10 श्रद्धालु घायल, 22 सवार थे; लालगंज ट्रामा सेंटर में इलाज जारी
प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप पलट गई। यह हादसा डभीयार गांव के पास हुआ, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए। श्रद्धालु घुइसरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। घटना सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। पिकअप में लगभग 20 से 22 लोग सवार थे, जो घुइसरनाथ धाम में दर्शन के बाद मानिकपुर क्षेत्र के साहू गांव लौट रहे थे। डभीयार गांव के पास पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन को रास्ता देने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पिकअप में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। सभी घायल श्रद्धालुओं को लालगंज ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घायलों में से लगभग तीन लोगों को अधिक चोटें आई हैं, जिनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें रेफर करने की तैयारी की जा रही है। अन्य घायलों का उपचार ट्रामा सेंटर में ही जारी है। एडिशनल एसपी बृजनंदन राय ने बताया कि हादसे में करीब 8 से 10 लोग घायल हुए हैं। दो-तीन लोगों को थोड़ी अधिक चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल किसी की भी जान को खतरा नहीं है। श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे। ट्रामा सेंटर में घायलों के उपचार में स्वास्थ्यकर्मी जुटे रहे। हादसे की मुख्य वजह पीछे से आ रही गाड़ी को पास देने के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है।
Read full article on Bhaskar