politics
पटवरी बोले- कांग्रेस की राजनीति का आधार देश हित:सीहोर में कार्यकर्ताओं से मिले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष; कहा- भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाएं
सीहोर में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर यशराज गार्डन में हुआ, जिसमें जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष और पार्टी के दूसरे पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य प्रशिक्षक महेंद्र जोशी और जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती की मौजूदगी में झंडा वंदन के साथ हुई। इस शिविर का मकसद कार्यकर्ताओं को संगठन के कामों, पार्टी की विचारधारा और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की ट्रेनिंग देना था। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी इस शिविर में खास तौर पर मौजूद रहे। जीतू पटवारी ने कांग्रेस की विचारधारा, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच अपनी बात कही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की राजनीति का आधार देश का हित, जनता की सेवा और लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और नीतियों को लोगों तक पहुंचाने को कहा। पटवारी ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों, युवाओं, बिजली और स्थानीय स्तर की दूसरी समस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने को कहा। प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय स्तर पर किसानों, युवाओं, बिजली संकट और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच अच्छे से उठाने की रणनीति पर भी बात हुई। इस प्रशिक्षण शिविर में जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, जिला प्रभारी जयश्री हरिकिरण, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल और नगर अध्यक्ष घनश्याम यादव जैसे प्रमुख लोग मौजूद रहे। शिविर में ट्रेनिंग देने वालों में महेंद्र जोशी, आनंद जाट, अजय पटेल, चिराग परमार और उमेश कुमावत शामिल थे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक असरदार बनाने पर खास जोर दिया जा रहा है। ब्लॉक, नगर और मंडलम स्तर के पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों, लोगों से संपर्क, बातचीत और संगठन के कामों से जुड़े अलग-अलग विषयों पर ट्रेनिंग दी जा रही है।
Read full article on Bhaskar