top
पटना के नौबतपुर में 134 किलो गांजा बरामद:फॉर्च्यूनर कार और ट्रक जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार; 1 करोड़ गांजे की कीमत
नौबतपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 134 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एक फॉरच्यूनर गाड़ी और गांजा लदे ट्रक को भी जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने नौबतपुर थाना क्षेत्र के चेचौल के पास बिहटा-सरमेरा एनएच-131जी पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। झारखंड नंबर के ट्रक और फॉर्च्यूनर गाड़ी पकड़ी गई पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि नौबतपुर इलाके से 134 किलो गांजा की सप्लाई कोईलवर के इलाके में होने वाली थी। वाहन चेकिंग के दौरान यह खेप मिली है। झारखंड नंबर के ट्रक और फॉर्च्यूनर गाड़ी पकड़ी गई है। 4 को अरेस्ट किया गया है। सभी भोजपुर के रहने वाले हैं। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद मिली जानकारी और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने उसी इलाके में एक ट्रक को रोका। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके बॉक्स से भी गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को भी हिरासत में ले लिया। 4 लोग गिरफ्तार पुलिस ने इस कार्रवाई में ट्रक चालक चंद्रदेव पांडे और खलासी भगवान चौधरी, साथ ही फॉर्च्यूनर सवार सन्नी कुमार और निर्भय सिंह को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए वाहनों में फॉरच्यूनर और गांजा लदा ट्रक शामिल हैं। नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने पुष्टि की कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुल 134 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए वाहनों और गांजे को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar